दीवानगी, सनक, धुन… आदमी क्या क्या करता रहता है!

नॉन-सिस्टेमैटिक होने और उसके बावजूद सारी इन्फ़र्मेशन ज़रूरत के समय खींच लाने का कोई अगर अवार्ड हो, तो मुझे मिलना चाहिए। कि मुझे दुनिया की हर चीज़ में इंट्रेस्ट है। सब कुछ जान-समझ लेना है। जापान में कोडोकशी से लेकर चीन में मिंग राजवंश के शुआन काल में जो लाल रंग के चीनीमिट्टी के बर्तन बनते थे...सब। 
परसों-तरसो कोडोकशी के बारे में पढ़ कर परेशान होती रही। हुआ ये कि कुछ महीनों पहले कहीं एक आर्टिकल पढ़ी थी और उसके बारे में और जानने को सोचा था। फिर जापान है भी तो कितना इग्ज़ॉटिक। हालाँकि जापान को लेकर मुझे बहुत ज़्यादा उत्सुकता नहीं रही है जैसे कि होंगकोंग, कम्बोडिया या चीन के कुछ प्रांतों को लेकर रही है।

कोडोकशी लेकिन सुनने में ख़ुदकुशी जैसा लगता है और भयावह है, इसलिए थोड़ा और जानने की जिज्ञासा रह गयी थी। पढ़ कर उदास हुई काफ़ी। हिंदी में इसका अनुवाद एकाकी मृत्यु सा कुछ होगा। २००० में जापान में सनसनीखेज़ ख़बर आयी थी कि एक 69 साल के व्यक्ति की मृत्यु के तीन साल बाद तक किसी को पता नहीं चला था। उनके घर का किराया बैंक से स्वचालित रूप से नियमित कट जाया करता था। सब सारे पैसे ख़त्म हो गए तो उस घर से लाश की बरामदगी हुयी जिसे कि कीड़े खा गए थे। जापान कि ऊपर युद्ध के असर में एक ये भी पाया गया कि लोग अपना अकेलापन और दुःख बाँटते नहीं हैं...इसमें एक क़िस्म की लज्जा महसूस करते हैं। परिस्थियों के अनुसार हुए दुःख को शांत स्वभाव से सहने को आदर की दृष्टि से देखा जाता है।

ये कुछ कुछ हमारे संस्कारों में भी है। दुःख का ज़्यादा प्रदर्शन करना अशोभनीय है। इसलिए अवसाद या शारीरिक व्याधियों के बारे में बात करने में झिझक होती है। हम अपने दुखों को पर्सनल रखते हैं। या कोशिश करते हैं कि पर्सनल रखें। मैं जापान के समाज के बारे में कई और चीज़ें पढ़ती रही। जापान से दो कनेक्ट रहे हैं। एक प्रमोद सिंह का पाड्कैस्ट था जो ऐसे शुरू होता था, ‘आप जानते हैं जापान को?’ और उस पाड्कैस्ट में ला वी यों रोज़ का एक जापानी वर्ज़न पीछे बज रहा होता था जिसे शज़ाम से पहले के ज़माने में बड़ी शिद्दत से तलाशा था। दूसरा कनेक्ट इक इच्छा का है, चेरी ब्लॉसम देखने का। जो जापान में देखूँ या न्यू यॉर्क में। पर एक बार उस फूल के मौसम में जाना है किसी ऐसी जगह जहाँ आसमान गुलाबी रंग का दिखे…इस तरह फूल हों हर तरफ़।

मैं ये सब क्यूँ पढ़ती हूँ…फ़ायदा क्या जान के ये सब।

परसों तरसों पॉटरी के बारे में पढ़ने लगी। हमारे लिए पॉटर माने कुम्हार…कितने सादे से लोग होते हैं अपने यहाँ। मिट्टी के बर्तन बनाते हैं। अक्सर ग़रीब भी। बचपन से उन्हें देखा है चाक पर बर्तन बनाते हुए। मुझे मिट्टी के बर्तन बनते हुए देखना ग़ज़ब सम्मोहक लगता था। पढ़ने में ये आया कि अमरीका में एक Hugh C. Robertson साहब हुए जो कि ख़ानदानी कुम्हार थे। विकिपीडिया पर पढ़ कर इतना तो लगता है कि अमरीका के कुम्हार हमारे कुम्हारों की तरह ग़रीब नहीं होते थे, काफ़ी फ़ैंसी होते थे। स्टूडीओ पॉटर, माने कि कलाकार आदमी थे। चाय के कुल्हड़ नहीं बनाते थे, ख़ास और महँगे बर्तन और सजावट के सामान इत्यादि बनाते थे। वे अमरीका के पहले स्टूडीओ पॉटर के रूप में जाने गए, उन्होंने पहली बार सेरामिक ग्लेज़ पर काम किया। साहब ने अपना कारख़ाना लगाया, ख़ुद का स्टूडीओ। मिट्टी के बर्तनों को कला का दर्जा देने में उनका काफ़ी हाथ माना जाता रहा है। राबर्ट्सन साहब ने चीन में मिंग राजवंश के शुआन काल में बने लाल रंग के चीनीमिट्टी के बर्तन का रंग बनाने के लिए कई एक्स्पेरिमेंट किए। ये लाल रंग ख़ास कहते हैं कि चीन के राजा बर्तनों के इस विशिष्ट रंग को लेकर इतने ज़्यादा पजेसिव थे कि सिर्फ़ कुछ ही कुम्हारों को ये कला सिखायी जाती थी। मुझे ताजमहल के वे कारीगर याद आए जिनके हाथ कटवा दिए गए थे।  Kangxi bowl, before 1722
Oxblood या फिर अंग्रेज़ी में जिसे sacrificial red कहा गया… एक गहरा लाल रंग था जो ताँबे से बनता था और बहुत दुर्लभ था और प्रक्रिया भी बहुत मुश्किल थी। मिंग राजवंश के 1426–35 के बहुत छोटे से काल में बने गहरे लाल रंग के इन बर्तनों को बनाने की कला उन कलाकारों के साथ ही लुप्त हो गयी थी। बाद में कई भट्टियाँ मिलीं जिनमें बहुत से फेंके हुए बर्तन मिले जिससे इस बात का अंदाज़ा लगाया गया कि कितने कम बर्तनों में सही रंग और सही चमक आ पाती थी, बाक़ी सभी फेंक दिए जाते थे। 
रंग का क़िस्सा ऐसा था कि राबर्ट्सन ने इतने इक्स्पेरिमेंट किए कि उनकी कम्पनी दिवालिया हो गयी लेकिन उन्होंने आख़िर इस रंग को खोज ही लिया। 1884 में उन्होंने इस रंग पर इक्स्पेरिमेंट करना शुरू किया और चार साल बाद जा कर उन्हें सफलता मिली। उन्होंने तीन सौ कलाकृतियाँ बनायीं जिनका नाम रखा Sang de Chelsea.

दीवानगी, सनक, धुन… आदमी क्या क्या करता रहता है! इतने प्यार मुहब्बत से चीनीमिट्टी के बर्तनों के बारे में लिखा गया है और एक एक कटोरी में इतना इतिहास है कि हम तो अब लाल रंग की कटोरी में खाना न खा पाएँगे कभी! क्या ही कहें, सबकी अपनी अपनी सनक है। इतनी देर रात, इस दुखती कलाई के साथ जो इतना कुछ हम लिख रहे हैं… हमें भी कोई सनक ही होगी, वरना नेटफ़्लिक्स देख के सो जाना दुनिया का सबसे आसान काम तो है ही।

फ़ुटनोट: ये एक बहुत अच्छे से रीसर्च कर के लिखी गयी आर्टिकल नहीं है, इसलिए इसमें तथ्यगत त्रुटियों की बहुत सम्भावना है। लगभग अनुवाद है विकिपीडिया से…तो कृपया चक्कु, तलवार या ईंट पत्थर ना मारें…कम्पुटर स्क्रीन आपका है, टूटने पर हमारी कोई ज़िम्मेदारी नहीं है। पहली बार इतना ग़ौर से पॉटरी के बारे में पढ़ा है। आगे और भी पढ़ के, म्यूज़ीयम वग़ैरह के फ़ोटो के साथ चीज़ें लिखी जाएँगी। लेकिन आप हमारे लिखने का इंतज़ार न करें, इससे हम पर बेवजह दबाव पड़ता है और हम प्रेशर में परेशान हो जाते हैं :)
 •  0 comments  •  flag
Share on Twitter
Published on September 14, 2019 16:37
No comments have been added yet.